
स्थान : ज्योर्तिमठ
ब्यरो रिपोर्ट

लोकपाल हेमकुंड साहिब और विश्व धरोहर वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क यात्रा रूट की मेजबानी करने वाले पुलना/भ्यूंडार ग्राम सभा में सभी प्रकार के नशे और शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।


सामूहिक निर्णय: यह फैसला ग्राम सभा की खुली बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से शपथ लेकर सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से शराब को पूरी तरह दूर करने का संकल्प लिया।

प्रमुख लोगों की मौजूदगी: इस अवसर पर ग्राम प्रधान पुलना आनंद सिंह चौहान, ईडीसी अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान, महिला मंगल दल अध्यक्ष श्रीमती हेमंती चौहान, लोकपाल लक्ष्मण मंदिर समिति अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान और गोविंद घाट पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।


सार्वजनिक कार्यक्रमों में प्रतिबंध: निर्णय के अनुसार अब गांव में होने वाले सभी सार्वजनिक समारोह, मांगलिक कार्य, पूजा-पाठ, चूड़ाकर्म, शादी और सगाई जैसे कार्यक्रमों में शराब परोसने और पीने-पिलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
नियम तोड़ने पर कार्रवाई: ग्राम सभा ने साफ किया है कि जो भी व्यक्ति इस नियम का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कठोर सामाजिक कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा।

पूरी घाटी में लागू फैसला: इस फैसले के तहत अब लोकपाल घाटी के किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम या शादी समारोह में शराब का उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।

ईडीसी अध्यक्ष का बयान: ईको विकास समिति भ्यूंडार के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि हेमकुंड साहिब धाम और फूलों की घाटी जैसी पावन भूमि की गरिमा बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

सामाजिक सुधार की पहल: ग्रामीणों का मानना है कि यह निर्णय सामाजिक कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।

