
स्थान : चंपावत
ब्यरो रिपोर्ट

बीते 5 मार्च को ढकना बडोला निवासी उमेश जोशी उर्फ सोनू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में टैक्सी स्टैंड के पास मिला था। सूचना मिलने पर चंपावत पुलिस ने पंचायत नामा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया था।


परिवार की आशंका: मृतक की बहन ममता जोशी ने प्रारंभ से ही अपने भाई की हत्या होने का अंदेशा जताया था। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की और पूर्व में डीएम चंपावत को भी ज्ञापन सौंपा था।

डीएम के निर्देश: मामले की जांच के लिए डीएम चंपावत ने एसपी चंपावत को निर्देश दिए थे। बावजूद इसके, पुलिस द्वारा अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

महिलाओं का प्रदर्शन: सोमवार को बड़ी संख्या में आक्रोशित महिलाएं डीएम कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

ज्ञापन सौंपा गया: मृतक की बहन ममता जोशी ने डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि अगर 16 मार्च से पहले निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे जन आंदोलन करेंगी। उन्होंने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए कि वह मामले को गंभीरता से नहीं ले रही।
आरोपियों की पहचान: ममता जोशी ने कहा कि उनके भाई को आखिरी बार क्षेत्र के कुछ लोगों के साथ देखा गया था। सीसीटीवी फुटेज में यह लोग उमेश जोशी को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए, जो उन्हें कोतवाल द्वारा भी दिखाई गई थी।

मांगें और चेतावनी: परिवार की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। सभी दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए, सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक हो, और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
ग्राम प्रधान और मां का समर्थन: ढकना बडोला की आक्रोशित महिलाओं और ग्राम प्रधान ने चेतावनी दी कि अगर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। उमेश की मां ने भी निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

