थराली में गैस किल्लत की चर्चा के बीच लोगों की परेशानी, SDM ने किया गोदाम का निरीक्षण

थराली में गैस किल्लत की चर्चा के बीच लोगों की परेशानी, SDM ने किया गोदाम का निरीक्षण

स्थान : थराली
ब्यरो रिपोर्ट

गैस किल्लत की अफवाहों और प्रशासन द्वारा पर्याप्त स्टॉक के दावों के बीच पिछले तीन दिनों से थराली स्थित Indane गैस गोदाम के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ लगी हुई है। दूर-दराज के गांवों से लोग खाली सिलेंडर लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन अधिकांश को निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे वाहन बुक कराकर दूरस्थ क्षेत्रों से गैस लेने के लिए आ रहे हैं। लेकिन गोदाम पर लंबा इंतजार करने के बाद भी उन्हें खाली सिलेंडर लेकर ही लौटना पड़ रहा है।

लोगों के अनुसार गैस की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण कई बार गोदाम पर ताला लगा रहता है, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बढ़ती समस्या को देखते हुए सोमवार को थराली के उपजिलाधिकारी Pankaj Bhatt ने गैस गोदाम का औचक निरीक्षण किया और वहां की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गैस एजेंसी के कर्मचारियों से गैस स्टॉक, उपभोक्ताओं की बुकिंग स्थिति और वितरण व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने बताया कि उन्होंने गैस एजेंसी के प्रबंधक से भी बातचीत की है। प्रबंधक ने उन्हें जानकारी दी कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है।

उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को ओटीपी आधारित बुकिंग प्रणाली के माध्यम से सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं और एजेंसी द्वारा आवश्यक गैस की मांग भी भेज दी गई है।

एसडीएम के अनुसार बुकिंग की प्राथमिकता के आधार पर मंगलवार सुबह से घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण फिर से शुरू किया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।