
स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

हरिद्वार जिले के मंगलौर–भगवानपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। पनियाला गांव के पास एक यात्री बस और गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


हादसे के समय बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे कई यात्री सीटों से गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में करीब पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं।


घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
घायलों को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और काफी देर तक यातायात बाधित रहा।

सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

