
स्थान : पौड़ी
ब्यरो रिपोर्ट

जिले के नगर पंचायत सतपुली में उप जिलाधिकारी रेखा आर्य ने फर्जी दस्तावेज बनाने वाले सीएससी (जन सेवा केंद्र) पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान सेंटर को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।


शुक्रवार को उप जिलाधिकारी रेखा आर्य ने पूर्ति विभाग के अधिकारियों और थाना पुलिस टीम के साथ सतपुली बाजार में छापेमारी अभियान चलाया। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना था कि घरेलू गैस का कोई भी व्यावसायिक उपयोग नियमों के अनुसार हो।

बांघाट रोड स्थित सीएससी सेंटर में जब रेट लिस्ट न लगाने के मामले में संचालक से जानकारी ली गई, तो संतोषजनक जवाब न मिलने पर उप जिलाधिकारी ने सेंटर सर्च करने का आदेश दिया।


सर्च के दौरान सेंटर में सरकारी फर्जी दस्तावेज पाए गए। इसमें तहसील अधिकारियों और ग्राम प्रधानों की मोहरें डिजिटल रूप में मौजूद थीं। इसके अलावा आयकर ऑडिट से संबंधित दस्तावेज भी बड़ी मात्रा में मिले।
एसडीएम रेखा आर्य ने बताया कि सरकार के निर्देश के तहत फर्जी दस्तावेज बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान क्षेत्र में लगातार जारी रहेगा।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्देश दिए कि अपनी आईडी और दुकान के बाहर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें।

इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि प्रशासन किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगा। जनता और व्यापारियों को नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।

स्थानीय लोग प्रशासन की इस कार्रवाई को सराह रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि भविष्य में ऐसे सेंटरों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, जिससे फर्जीवाड़ा और भ्रष्टाचार कम हो सके।

