हरिद्वार में देह व्यापार का भंडाफोड़, तीन लोग हिरासत में

हरिद्वार में देह व्यापार का भंडाफोड़, तीन लोग हिरासत में

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

हरिद्वार केरानीपुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में चल रहे अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस और एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो पुरुष और एक महिला को हिरासत में लिया है।

यह कार्रवाई सलेमपुर स्थित हृदय विहार कॉलोनी में की गई, जहां एक मकान में लंबे समय से अनैतिक देह व्यापार चलने की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस और एएचटीयू की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारकर पूरे मामले का खुलासा किया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक पीड़िता को वहां से मुक्त कराया। पीड़िता को तत्काल सुरक्षित स्थान पर भेजते हुए उसकी काउंसलिंग और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है, जो इस अवैध गतिविधि की पुष्टि करती है। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में सामाजिक बुराइयों और अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।

हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि समाज में कानून व्यवस्था बनी रहे और इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।