
स्थान : भीमताल
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में चल रहे बजट सत्र के दौरान राम सिंह कैड़ा ने अपने विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को सदन में उठाया। उन्होंने सरकार से किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए ठोस योजना बनाने की मांग की।


विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र भीमताल के अंतर्गत ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल क्षेत्र काश्तकार बहुल इलाके हैं, जहां अधिकांश लोग कृषि पर निर्भर हैं और इसी के माध्यम से अपना जीवन यापन करते हैं।

उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बंदरों और जंगली सूअरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। किसान साल भर मेहनत कर अपनी फसल तैयार करते हैं, लेकिन जंगली जानवर एक ही दिन या रात में पूरी फसल को नष्ट कर देते हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।

विधायक ने बताया कि फसलों के नुकसान की स्थिति में किसानों को उचित मुआवजा भी नहीं मिल पाता है। कई स्थानों पर तारबाड़ लगाने की व्यवस्था भी सीमित है, जिसके कारण किसान अपनी फसल की पर्याप्त सुरक्षा नहीं कर पा रहे हैं।
इसके साथ ही विधायक कैड़ा ने सदन में यह मुद्दा भी उठाया कि अभी भी उनके क्षेत्र में कई गरीब परिवार आवास विहीन हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे परिवारों को आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस योजना बनाई जाए और नुकसान होने पर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।

विधायक ने कहा कि किसानों की अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राहत मिल सके और कृषि कार्य को प्रोत्साहन मिल पाए।

