
स्थान : विकासनगर
ब्यरो रिपोर्ट

घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल और अवैध स्टॉक के खिलाफ खाद्य आपूर्ति विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विकासनगर क्षेत्र में विभाग की टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और चाय की दुकानों पर औचक छापेमारी अभियान चलाया।


चेकिंग अभियान के दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ होटल, रेस्टोरेंट और चाय की दुकानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग होता पाया गया, जो नियमों के विरुद्ध है।


कार्रवाई करते हुए विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों से कुल 12 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए। इन सिलेंडरों को तत्काल कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है और संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए ही निर्धारित होते हैं। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इनका इस्तेमाल करना नियमों का उल्लंघन है और इससे गैस आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है।

खाद्य आपूर्ति विभाग का कहना है कि इस तरह की अनियमितताओं को रोकने के लिए आगे भी लगातार चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे व्यावसायिक कार्यों के लिए केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही इस्तेमाल करें।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी, कालाबाजारी या गलत इस्तेमाल करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

