मसूरी में टीम इंडिया के स्पिनर कुलदीप यादव की शाही शादी की धूम

मसूरी में टीम इंडिया के स्पिनर कुलदीप यादव की शाही शादी की धूम

स्थान : मसूरी
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में इन दिनों टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शाही शादी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। भव्य समारोह की तैयारियों के बीच जश्न का माहौल है और देश-विदेश से मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।

शुक्रवार सुबह युजवेंद्र चहल, रिंकू सिंह और टीम इंडिया के कोच टी दलीप समारोह में शामिल होने के लिए पहुंच चुके हैं। इसके अलावा तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के भी शाम तक कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

मेहमानों का आगमन जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर लगातार जारी है, जहां से उन्हें मसूरी के होटल और वेडिंग वेन्यू तक पहुंचाया जा रहा है। समारोह में क्रिकेट और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

शुक्रवार को कुलदीप यादव की हल्दी की रस्म मसूरी के एक मशहूर होटल में धूमधाम से आयोजित की गई। हल्दी समारोह सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ, जिसमें परिवार और करीबी दोस्तों ने पारंपरिक रस्मों के बीच जमकर जश्न मनाया।

कुलदीप यादव अपनी मंगेतर वंशिका सिंह के साथ 14 मार्च 2026 को विवाह बंधन में बंधेंगे। शादी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम 12 मार्च से ही शुरू हो चुके हैं और तीन दिनों तक अलग-अलग रस्में आयोजित की जा रही हैं।

दूल्हा-दुल्हन ने अपनी शादी के लिए एक खास डिजिटल इन्विटेशन कार्ड भी तैयार किया है। इस कार्ड में मेहंदी, हल्दी, संगीत, कॉकटेल और मुख्य विवाह समारोह की पूरी जानकारी दी गई है। निमंत्रण की शुरुआत भगवान गणेश की वंदना से होती है और इसे रॉयल व मॉडर्न थीम के साथ डिजाइन किया गया है।

शाम 6 बजे कॉकटेल पार्टी का आयोजन किया जाएगा, जबकि 14 मार्च को मुख्य विवाह समारोह संपन्न होगा। जानकारी के अनुसार कुलदीप यादव घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर निकलेंगे और पवित्र अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लेंगे। शादी की अन्य रस्में देर रात तक चलेंगी।

इस शाही शादी का प्रिंटेड निमंत्रण कार्ड भी चर्चा का विषय बना हुआ है। कार्ड को राधा-कृष्ण थीम पर हल्के गुलाबी रंग में डिजाइन किया गया है, जिस पर महल के गुंबदों और आकृतियों का 3D डिजाइन बनाया गया है।

शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन पार्टी आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम होटल सेंट्रम में होगा, जिसमें क्रिकेट, राजनीति और व्यापार जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। मसूरी की वादियों में होने जा रही यह शाही शादी इन दिनों खास चर्चा में है।