
स्थान : रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट

सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते शहर में बढ़ती गंदगी के बीच नगर निगम प्रशासन खुद सड़कों पर उतर आया। मेयर अनीता देवी अग्रवाल और नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी ने अधिकारियों, पार्षदों और कर्मचारियों के साथ मिलकर विशेष सफाई अभियान चलाया।


शहर के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से कूड़े के ढेर लगने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़कों और गलियों में फैली गंदगी और दुर्गंध के कारण नगरवासियों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही थीं।


स्थिति को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने विशेष सफाई अभियान शुरू किया। इस दौरान मेयर, नगर आयुक्त, निगम अधिकारियों और पार्षदों ने खुद झाड़ू उठाकर सड़कों से कूड़ा साफ किया और सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने की कोशिश की।


सफाई अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कूड़ा इकट्ठा कर निगम की गाड़ियों के माध्यम से निस्तारण के लिए भेजा गया। प्रशासन का कहना है कि शहर को जल्द से जल्द साफ करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के साथ वार्ता जारी है और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही समाधान निकालकर हड़ताल समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी ने भी संकेत दिया कि कर्मचारियों के साथ बातचीत सकारात्मक दिशा में चल रही है। कुछ शर्तों पर सहमति बनने के बाद सफाई कर्मियों के जल्द काम पर लौटने की उम्मीद है।

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में सफाई व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को गंदगी और दुर्गंध की समस्या से राहत मिल सके।

