
स्थान : विकासनगर
ब्यरो रिपोर्ट

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब आम लोगों की रसोई तक दिखाई देने लगा है। देहरादून जिले के पछवादून क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। कंपनियों की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर तकनीकी दिक्कतों के कारण सर्वर बार-बार धीमा पड़ रहा है, जिससे गैस बुकिंग करना मुश्किल हो गया है।


पछवादून क्षेत्र के विकासनगर और आसपास के इलाकों में गैस बुकिंग को लेकर उपभोक्ता लगातार कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर तकनीकी समस्याओं के चलते बुकिंग पूरी नहीं हो पा रही है। इसके कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


स्थिति यह हो गई है कि कई उपभोक्ता रात में उठकर गैस बुकिंग करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि किसी तरह सिलेंडर की बुकिंग हो सके। वहीं सुबह तड़के से ही गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं।


गैस एजेंसियों के बाहर लोग घंटों लाइन में खड़े होकर अपने नंबर का इंतजार कर रहे हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि सर्वर की समस्या के कारण ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें एजेंसी पहुंचकर बुकिंग करानी पड़ रही है।
उधर प्रशासन भी पूरे मामले को लेकर अलर्ट मोड में है। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में फिलहाल किसी प्रकार की पैनिक स्थिति नहीं है और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन बुकिंग की व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का दावा है कि क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। अधिकारियों के अनुसार समस्या केवल सर्वर की तकनीकी दिक्कत और बढ़ती मांग के कारण सामने आ रही है।

फिलहाल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और उम्मीद जताई जा रही है कि तकनीकी समस्या दूर होते ही गैस बुकिंग की प्रक्रिया सामान्य हो जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिल सकेगी।

