ईरान-अमेरिका युद्ध का असर: हरिद्वार देहात में रसोई गैस की किल्लत को लेकर हड़कंप

ईरान-अमेरिका युद्ध का असर: हरिद्वार देहात में रसोई गैस की किल्लत को लेकर हड़कंप

स्थान – लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी तनाव और युद्ध की स्थिति का असर अब पूरी दुनिया के ईंधन बाजार पर दिखाई दे रहा है। अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण कई देशों में गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी देखी जा रही है और भंडार तेजी से घट रहे हैं।

भारत में भी रसोई गैस की संभावित किल्लत को लेकर केंद्र सरकार ने नई एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) जारी की है। इस खबर के बाद उपभोक्ताओं में चिंता और खलबली का माहौल बन गया है।

हरिद्वार देहात में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग गई हैं और लोग बुकिंग और डिलीवरी को लेकर हड़बड़ी में दिखाई दे रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने मारमारी और धक्का-मुक्की की भी शिकायत की है।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस एजेंसियों और सिस्टम में बदइंतजामी है, जिससे समय पर बुकिंग और डिलीवरी प्रभावित हो रही है। कई लोगों ने कहा कि उन्हें कई बार दो-तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा, लेकिन गैस नहीं मिली।

गैस एजेंसियों के अधिकारी इस दौरान पूरे दिन सक्रिय रहे और लोगों को व्यवस्था बनाए रखने के लिए समझाया। उन्होंने कहा कि सभी ग्राहकों को गैस उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।

विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय तेल और गैस बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण स्थानीय स्तर पर आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, इसलिए सरकार और एजेंसियों द्वारा सही समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करना जरूरी है।

इस बीच, अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और जरूरत से ज्यादा बुकिंग या पैनिक खरीद से बचें, ताकि हर उपभोक्ता को गैस मिल सके।