भारत सरकार की कमर्शियल गैस पर रोक का असर उत्तरकाशी में संभावित, प्रशासन ने आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

भारत सरकार की कमर्शियल गैस पर रोक का असर उत्तरकाशी में संभावित, प्रशासन ने आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

स्थान – उत्तरकाशी
ब्यूरो रिपोर्ट

भारत सरकार द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडरों पर लगाए गए आदेशों का असर अब उत्तरकाशी जिले में देखने को मिल सकता है। विशेष रूप से चार धाम यात्रा के शुरुआत के पूर्व यह कदम प्रशासन के लिए चुनौती बन सकता है।

उत्तरकाशी प्रशासन ने आगामी चार धाम यात्रा को देखते हुए खाद्य एवं ईंधन पूर्ति विभाग को निर्देश दिए हैं कि वे गैस और डीजल-पेट्रोल का स्टॉक सुरक्षित रखें। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि 6 मार्च को जिलाधिकारी के आदेश पर सभी गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों को आपातकालीन स्टॉक बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए।

वर्तमान में जिला भर में गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। हालांकि, यदि अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते युद्ध लंबा चलता है, तो सीमांत जनपद उत्तरकाशी में आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

चार धाम यात्रा के दौरान गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में प्रतिदिन लाखों तीर्थयात्री आने वाले हैं, जिससे गैस की खपत में तेज वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में आपूर्ति बाधित होने पर स्थानीय निवासियों और तीर्थयात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

प्रशासन ने केवल गैस ही नहीं, बल्कि अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी कदम उठाए हैं। सभी खाद्यान्न पहुंचाने वाली ट्रांसपोर्ट एजेंसियों को अगस्त तक का राशन अग्रिम रूप से उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कहा है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की आपूर्ति बाधा नहीं होनी चाहिए और स्टॉक की नियमित निगरानी की जाए।

स्थानीय व्यवसायियों और एजेंसियों से भी अपील की गई है कि वे आवश्यक मात्रा में स्टॉक बनाए रखें और यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करें।