
स्थान – भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने गैरशैण विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।


विधायक ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है, जिससे लोगों को इलाज के लिए हल्द्वानी या नैनीताल जाना पड़ता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने और अस्पतालों का उच्चीकरण करने की मांग की, साथ ही डाक्टरों की नियुक्ति भी करने का अनुरोध किया।


इसके अलावा उन्होंने काठगोदाम से हैड़ाखान मोटर मार्ग के किमी 3 पर क्षतिग्रस्त मार्ग का पुनर्निर्माण कराने, भीमताल बाईपास नहर की कवरिंग करने और भीमताल नगर में पार्किंग का निर्माण करने का प्रस्ताव रखा।

शिक्षा क्षेत्र में विधायक ने भीमताल के दूरस्थ क्षेत्रों में ITI कॉलेज खोलने, शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति करने और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों का इंटर कॉलेज में उच्चीकरण करने की मांग की।
विधायक ने गौ संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए भी क्षेत्र में गौशाला खोलने का सुझाव दिया। इसके साथ ही उन्होंने मकान निर्माण में प्राधिकरण के नियमों में छूट देने और किसानों के हित में विभिन्न जगहों पर कोल्ड स्टोर स्थापित करने का अनुरोध किया।
सड़क एवं संचार सुविधाओं को लेकर विधायक ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के मोटर मार्गों पर डामरीकरण कराने, नए मोटर मार्ग बनाने और नए लगे BSNL टावरों पर संचार व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग रखी।

राम सिंह कैड़ा ने कहा कि ये सभी मुद्दे क्षेत्र की जनता के मूलभूत अधिकारों और विकास से जुड़े हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन्हें प्राथमिकता पर हल करने का आग्रह किया और विश्वास जताया कि प्रशासन इनके समाधान में शीघ्र कदम उठाएगा।

