
स्थान – खटीमा (ऊधम सिंह नगर)
रिपोर्टर -अशोक सरका

टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम की शानदार जीत के बाद खटीमा में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। राजीव नगर चौराहे पर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी का इजहार किया।


इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नगर मंडल महामंत्री और उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश सचिव मनोज वाधवा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराकर अपनी खुशी और गर्व का प्रदर्शन किया।


कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ और ‘भारतीय क्रिकेट टीम जिंदाबाद’ के नारे लगाकर पूरा क्षेत्र गूंजा दिया। इस दौरान लोग अपने उत्साह को साझा करते हुए नारेबाज़ी में शामिल हुए और टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया।

स्थानीय लोगों ने टीम की ऐतिहासिक जीत पर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। मिठाइयों का वितरण कर लोग जीत की खुशी में एक-दूसरे को शामिल करते दिखे। बच्चों और युवाओं ने भी इस जश्न में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारतीय टीम ने तीसरी बार टी-20 विश्व कप जीतकर विश्व पटल पर भारत का मान बढ़ाया है। यह उपलब्धि हर भारतीय के लिए गर्व की बात है और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
मनोज वाधवा ने कहा कि क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि भारतीय जनता को एक सूत्र में बांधने वाला प्रतीक है। इस जीत ने पूरे देशवासियों के लिए उत्साह और राष्ट्रीय गौरव को बढ़ाया है।

खटीमा में मनाए गए इस जश्न ने साबित कर दिया कि खेल प्रेमी हर जीत को अपने तरीके से सेलिब्रेट करते हैं। लोगों ने कहा कि भविष्य में भी टीम इंडिया की उपलब्धियों पर ऐसे ही जश्न मनाया जाएगा और युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

