
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांचक फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। भारतीय टीम, जो टी20 वर्ल्ड कप में अब तक न्यूजीलैंड को नहीं हरा पाई है, इस बार फाइनल जीतकर अपनी जीत का सूखा खत्म करना चाहेगी।


भारतीय टीम ने इंग्लैंड को सात रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से मात दी। भारत अब तक चौथी बार फाइनल में पहुंचा है और 2007 व 2024 में खिताब जीत चुका है। न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप जीतने में अभी तक सफल नहीं रहा है।


बारिश से मैच प्रभावित हुआ तो क्या होगा?

आईसीसी ने पहले ही मैच के लिए रिजर्व-डे (9 मार्च) की व्यवस्था की है। अगर 8 मार्च को किसी वजह से मिनिमम 10 ओवर का खेल संभव नहीं होगा, तो मुकाबला रिजर्व-डे में वहीं से शुरू होगा, जहां रुका था। इसके बाद भी अगर बारिश नतीजा तय करने में बाधा डाले, तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा।


टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में डीएलएस नियम के तहत नतीजा निकालने के लिए यह 10-10 ओवर का नियम अनिवार्य है। आईसीसी ने मैच वाले दिन और रिजर्व डे दोनों के लिए 120-120 मिनट का अतिरिक्त समय रखा है।
इतिहास में अब तक केवल एक बार आईसीसी टूर्नामेंट का फाइनल पूरी तरह रद्द हुआ है। यह घटना आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2002 में हुई थी, जब भारत और श्रीलंका के बीच मैच बारिश के कारण दो दिनों में भी पूरा नहीं हो पाया था और दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था।
मौसम की स्थिति:

AccuWeather की जानकारी के अनुसार 8 मार्च को अहमदाबाद का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और बारिश की संभावना 0 प्रतिशत है। हवा की गति 7 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहने की उम्मीद है।
फैंस की निगाहें इस महाकुंभ मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारत तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने का सपना पूरा करना चाहेगा।

