
स्थान : रूड़की

ब्यूरो रिपोर्ट

सामूहिक दुष्कर्म की एक पीड़िता ने मुख्य आरोपी पर धमकाने और पुलिस से साठगांठ करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने आरोपी की कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मीडिया को उपलब्ध कराते हुए न्याय की मांग की है।


पीड़िता उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के कस्बा शाहपुर की निवासी बताई जा रही है। महिला का कहना है कि उसने इस संबंध में मंगलौर पुलिस को तहरीर देकर पूरी घटना की जानकारी दी थी।

महिला के अनुसार 28 फरवरी को लंढौरा निवासी नौशाद उसे किसी बहाने से अपने साथ एक कमरे में ले गया। वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसे नशीला पदार्थ दे दिया, जिससे वह बेहोशी की हालत में चली गई।
पीड़िता का आरोप है कि नशे की हालत में आरोपी नौशाद ने अपने चार अन्य साथियों को भी वहां बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

महिला का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने इस दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया और पूरी रात उसके साथ दुष्कर्म किया। सुबह होने पर आरोपी उसे बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए।

महिला ने बताया कि उसने घटना के संबंध में मंगलौर पुलिस को तहरीर दी है, जिस पर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
इस बीच पीड़िता ने नया आरोप लगाते हुए कहा कि 5 मार्च को आरोपी नौशाद ने उसके मोबाइल पर फोन कर उसे धमकाया। महिला के अनुसार आरोपी ने कहा कि वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती, क्योंकि उसने पुलिस से सेटिंग कर ली है।
पीड़िता का दावा है कि उसके पास इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसे उसने सबूत के तौर पर सुरक्षित रखा है और मीडिया को भी उपलब्ध कराया है।
महिला ने कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएगी। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

