
स्थान : उधम सिंह नगर

ब्यूरो रिपोर्ट

शहर के भूतबंगला इलाके में गुरुवार शाम दो समुदायों के बीच विवाद होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव शुरू हो गया। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र में होली खेलने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान आरोप है कि एक युवक ई-रिक्शा लेकर बार-बार उसी गली में चक्कर लगा रहा था, जिससे वहां मौजूद लोगों ने उसे ऐसा करने से मना किया।


बताया जा रहा है कि मना करने पर युवक गाली-गलौज करते हुए वहां से चला गया। कुछ समय बाद वह अपने साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कहासुनी जल्द ही विवाद में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई तथा ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे।
आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों द्वारा फायरिंग भी की गई, हालांकि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

घटना में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया है।

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और हालात को काबू में करने के लिए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। इसके बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
एसपी सिटी रुद्रपुर उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम कर दी गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

