गुस्से में ट्रक चालक ने साथी को कुचला, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

गुस्से में ट्रक चालक ने साथी को कुचला, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

स्थान : रूड़की

ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की के भगवानपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ट्रक चालक ने गुस्से में आकर अपने ही साथी को ट्रक से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

घटना 4 मार्च की बताई जा रही है। मृतक की पत्नी ने भगवानपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि ट्रक नंबर UP17 BT 8882 के चालक राजीव ने उसके पति राहुल कुमार को भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक से कुचलकर मार डाला।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई।

भगवानपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तेजी से कार्रवाई की और नामजद आरोपी राजीव को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पूरी घटना का खुलासा किया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतक राहुल उसके साथ अक्सर शराब पीता था। नशे की हालत में वह कई बार उसकी भांजियों के बारे में अश्लील टिप्पणियां करता था, जिससे वह बेहद आहत और नाराज रहता था।

आरोपी के अनुसार उसने राहुल को कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद भी हो चुका था।

होली के दिन दोनों भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान राहुल ने फिर से आरोपी की भांजियों के बारे में आपत्तिजनक बातें शुरू कर दीं, जिससे आरोपी का गुस्सा भड़क उठा।

गुस्से में आरोपी ने पहले राहुल को ट्रक से नीचे उतार दिया। जब राहुल टोल प्लाजा की ओर जाने लगा तो आरोपी ने ट्रक चलाकर उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक लेकर नन्हेड़ा रोड पहुंचा और वहां ट्रक खड़ा कर सो गया। पुलिस ने जांच के दौरान ट्रक को बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।