देहरादून पासपोर्ट कार्यालय को ई-मेल से बम धमकी

देहरादून पासपोर्ट कार्यालय को ई-मेल से बम धमकी

स्थान : देहरादून

ब्यूरो रिपोर्ट

राजधानी स्थित पासपोर्ट कार्यालय देहरादून को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमा तुरंत हरकत में आ गया।

धमकी भरा ई-मेल मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस के आला अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को खाली कराया गया और कर्मचारियों व आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल स्क्वाड को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से परिसर के भीतर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।

सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यालय के हर कमरे, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के खुले स्थानों की बारीकी से जांच की। करीब कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

पुलिस अधिकारियों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि फिलहाल यह धमकी फर्जी प्रतीत हो रही है, लेकिन मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। सुरक्षा मानकों के तहत सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं।

घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है और तकनीकी सर्विलांस के जरिए ई-मेल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

एसएसपी ने कहा कि इस तरह की धमकियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता। सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के चलते कुछ समय के लिए कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा, लेकिन सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद स्थिति सामान्य कर दी गई।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।