नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने महिला अपराध व नशे पर जोर देने का किया एलान

नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने महिला अपराध व नशे पर जोर देने का किया एलान

स्थान : चंपावत

ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत जिले की नवनियुक्त एसपी रेखा यादव ने सोमवार को प्रेस वार्ता में अपनी प्राथमिकताओं का स्पष्ट रूप से संकेत दिया। उन्होंने कहा कि महिला अपराधों और नशे की रोकथाम उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही साइबर अपराध पर नियंत्रण और जिले की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना भी उनकी मुख्य जिम्मेदारियों में शामिल हैं।

एसपी ने कहा कि उन्होंने जिले की भौगोलिक और प्रशासनिक परिस्थितियों का गहन अध्ययन शुरू कर दिया है। चंपावत जिला नेपाल और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा हुआ है, और इसमें पर्वतीय क्षेत्र के साथ-साथ तराई का क्षेत्र भी आता है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। इसके लिए नेपाल के अधिकारियों के साथ समय-समय पर समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी।

नशे और अपराध पर लगाम लगाने के लिए उत्तर प्रदेश और नेपाल की सीमा पर चौकसी बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही साइबर अपराध और यातायात नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और इसके लिए विशेष कार्य योजना बनाई जाएगी।

एसपी रेखा यादव ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति अपनाएगी। उन्होंने कहा, “नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद करता है। इसके लिए सभी थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारियों को नशे के सौदागरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं।”

युवाओं और आम जनता से भी उन्होंने नशे और यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। एसपी ने स्पष्ट किया कि नशा समाज का दुश्मन है, जो व्यक्ति से उसका पैसा, शरीर और इज्जत तीनों छीन लेता है।

एसपी रेखा यादव ने यह भी कहा कि कानून व्यवस्था से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा और ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिन क्षेत्रों में अपराध की दर अधिक है, उन्हें चिन्हित कर निगरानी बढ़ाई जाएगी।

उन्होंने अंत में यह आश्वासन दिया कि जल्द ही वे स्वयं जनता के बीच जाएंगी और अपराध व नशे पर लगाम लगाने में नागरिकों का सहयोग चाहेंगी। उन्होंने कहा, “चंपावत पुलिस हमेशा जनता के साथ है और कानून का उल्लंघन करने वालों पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”