
स्थान – बाजपुर

ब्यूरो रिपोट –

बाजपुर के ग्राम नंदपुर नरका टोपा में बीती रात अज्ञात चोरों ने ताबड़तोड़ तीन बंद घरों को निशाना बनाकर नगदी और लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।


पहली वारदात: इलाज के लिए रखी नगदी चोरी
गांव में किराये के मकान में रहने वाली मीनू पत्नी विजनेश के घर चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश किया। मीनू के पति तीन दिन पहले आगरा गए थे, जबकि मीनू रात में अपनी मां के घर सोने चली गई थीं। सुबह मकान मालिक ने ताला टूटा देखा तो घटना का पता चला। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और इलाज के लिए रखे 20 हजार रुपये नगद गायब मिले।

दूसरी वारदात: डेढ़ लाख के जेवर और नगदी पार
दूसरी घटना विक्रमपुर की सरिया मिल में कार्यरत एक कर्मचारी के घर हुई। घटना के समय वह रात्रि ड्यूटी पर थे और उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं। चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने के कुंडल, बाली, चांदी की मांग पट्टी, हाथफूल सहित करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात और 5 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए।

तीसरी वारदात: सूने मकान से आभूषण व नकदी चोरी
तीसरी घटना नूर बी पत्नी नजाकत के बंद मकान में हुई। नूर बी पिछले तीन माह से अपने मायके नरपतनगर (तहसील स्वार, जिला रामपुर) में रह रही थीं। उनके पति भी दो दिन पहले काम से आगरा गए थे। चोरों ने ताला तोड़कर सोने-चांदी के कई आभूषण—बाली, टॉप्स, पेंडिल, मंगलसूत्र, अंगूठियां और पायल—साथ ही 12 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। सुबह पड़ोसियों ने ताला टूटा देखा तो सूचना दी।


एक ही गिरोह पर शक
एक ही रात में तीनों वारदातें होने से आशंका जताई जा रही है कि घटनाओं को किसी एक संगठित गिरोह ने अंजाम दिया है। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

सीओ विभव सैनी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

