अंतर विश्वविद्यालयी खेल महोत्सव विवादों के साये में संपन्न

अंतर विश्वविद्यालयी खेल महोत्सव विवादों के साये में संपन्न

स्थान – ऊधम सिंह नगर

ब्यूरो रिपोट

ऊधम सिंह नगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय अंतर विश्वविद्यालयी खेल महोत्सव विवादों के साथ समाप्त हो गया। इस खेल महोत्सव में उत्तराखंड के 10 विश्वविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया।

चार दिनों तक चले इस आयोजन में एथलेटिक्स, दौड़, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीते।

समापन समारोह में हुआ हंगामा

महोत्सव का समापन समारोह उस समय विवादों में घिर गया जब सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (एसएसजे विश्वविद्यालय) अल्मोड़ा के कोच लियाकत अली खान ने ओवरऑल ट्रॉफी वितरण में धांधली का आरोप लगा दिया।

कोच लियाकत अली खान का कहना है कि उनकी टीम ने 110 अंकों के साथ 13 स्वर्ण पदक सहित कुल 29 पदक जीते, जबकि जिस टीम को ओवरऑल ट्रॉफी प्रदान की गई उसने केवल चार-पांच पदक और लगभग 80 अंक ही हासिल किए।

खिलाड़ियों ने लौटाए पदक

आरोपों से नाराज अल्मोड़ा टीम के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में जीते गए पदक लौटा दिए और धरने पर बैठ गए। खिलाड़ियों ने परिणाम घोषित करने में अनियमितता और पक्षपात का आरोप लगाया।

विरोध बढ़ता देख आयोजकों ने समापन समारोह को जल्दबाजी में समाप्त कर दिया। देर रात तक अल्मोड़ा के खिलाड़ी धरने पर डटे रहे और निष्पक्ष जांच की मांग करते रहे।

मामले ने विश्वविद्यालयी खेलों की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजरें आयोजकों की ओर हैं कि वे इस विवाद पर क्या कदम उठाते हैं।