
स्थान : ऊधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट

ऊधम सिंह नगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय अंतर विश्वविद्यालयी खेल एवं क्रीड़ा महोत्सव विवादों के साये में समाप्त हो गया। इस आयोजन में उत्तराखंड के 10 विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।


चार दिनों तक चले इस महोत्सव में एथलेटिक्स, दौड़, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए कई स्पर्धाओं में पदक अपने नाम किए।


समापन समारोह में उठा विवाद
महोत्सव के समापन समारोह के दौरान उस समय माहौल गरमा गया जब सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (एसएसजे विश्वविद्यालय) अल्मोड़ा के कोच लियाकत अली खान ने ओवरऑल ट्रॉफी वितरण में पक्षपात का आरोप लगा दिया।

कोच का दावा है कि उनकी टीम ने 110 अंकों के साथ 13 स्वर्ण पदक सहित कुल 29 पदक जीते, जबकि जिस टीम को ओवरऑल ट्रॉफी दी गई उसने केवल चार-पांच पदक और करीब 80 अंक ही हासिल किए।

खिलाड़ियों ने लौटाए पदक, धरने पर बैठे
आरोपों से आक्रोशित अल्मोड़ा टीम के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में जीते गए अपने पदक लौटा दिए और मौके पर ही धरने पर बैठ गए। खिलाड़ियों ने परिणाम घोषित करने में धांधली का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

विरोध बढ़ता देख आयोजकों ने समापन समारोह को जल्दबाजी में समाप्त कर दिया और वहां से रवाना हो गए। देर रात तक अल्मोड़ा के खिलाड़ी धरने पर डटे रहे।

इस घटना ने विश्वविद्यालयी खेल आयोजनों की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि आयोजक इस पूरे मामले में क्या रुख अपनाते हैं और विवाद का समाधान किस प्रकार करते हैं।

