
स्थान : मंगलौर

ब्यूरो रिपोर्ट

धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से इस बार होली पर्व और रमजान माह एक साथ पड़ने के मद्देनज़र प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में मंगलौर कोतवाली परिसर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया।


गोष्ठी में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संकल्प दोहराया।


इस अवसर पर मंगलौर क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी ने क्षेत्रवासियों से शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने और रमजान के दौरान एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या तनाव की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क और तैयार है।

सीओ ने स्पष्ट किया कि हुड़दंग, उपद्रव या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।


