
स्थान – भीमताल

ब्यूरो रिपोट

भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा ने आज देहरादून सचिवालय में आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी बरसात और भू-कटाव से उत्पन्न समस्याओं पर चर्चा की।


विधायक कैड़ा ने बताया कि ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों के कई मोटर मार्ग बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे मार्ग बाधित हो रहे हैं। इसके अलावा कई सिंचाई नहरें भी टूट गई हैं, जिससे किसानों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


उन्होंने यह भी बताया कि गौला नदी, लाधिया नदी, कलशा नदी और नंदौर नदियों में लगातार भू-कटाव हो रहा है, जिससे किसानों की उपजाऊ भूमि बह रही है और ग्रामीणों के मकानों को खतरा पैदा हो गया है।

विधायक ने आपदा सचिव से मांग की कि:

- आपदा से प्रभावित मोटर मार्गों का पुनर्निर्माण किया जाए।
- भू-कटाव और मकानों की सुरक्षा के लिए सीमेंट के ब्लॉक्स और चेकडैम बनाए जाएँ।
- क्षतिग्रस्त सिंचाई नहरों का पुनर्निर्माण आपदा मद से किया जाए।
विधायक ने आपदा सचिव से इस संबंध में धनराशि की स्वीकृति की भी मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों की जीवन और कृषि प्रभावित न हो।


