
स्थान -हरिद्वार

ब्यूरो रिपोट

हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से यात्रियों को निशाना बना रहा एक शातिर जहरखुरान आखिरकार जीआरपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस अधीक्षक अरुणा भारती ने बताया कि आरोपी मासूम बच्ची का इस्तेमाल कर भरोसा जीतता और फिर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बुजुर्ग महिलाओं को बेहोश कर देता था। बेहोशी की हालत में वह आभूषण, मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो जाता था।


पिछले कई महीनों से अलग-अलग राज्यों में वारदात अंजाम देने वाला यह आरोपी हर बार पुलिस को चकमा देता रहा। हरिद्वार जीआरपी ने करीब 800 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उसकी पहचान पुख्ता की और जैसे ही वह दोबारा शिकार की तलाश में स्टेशन पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया।

जांच में पता चला कि उसने हरिद्वार स्टेशन पर ही कई घटनाओं को अंजाम दिया था, जिनमें लक्सर और उत्तर प्रदेश से आई बुजुर्ग महिलाएं भी निशाने पर थीं।


आरोपी के पास से नशीली गोलियां, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद हुआ। जीआरपी कप्तान अरुणा भारती के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया, जबकि पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों की भी पड़ताल कर रही है।


