हरबर्टपुर में श्री खाटू श्याम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, मुख्यमंत्री धामी होंगे मुख्य अतिथि

हरबर्टपुर में श्री खाटू श्याम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, मुख्यमंत्री धामी होंगे मुख्य अतिथि

स्थान : विकासनगर

ब्यूरो रिपोर्ट

हरबर्टपुर में नवनिर्मित श्री खाटू श्याम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इस भव्य आयोजन में कल प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए मंदिर समिति ने विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं।

महोत्सव के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की भी तैयारी की गई है। मंदिर समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले मंगलवार को विकासनगर पूरी तरह श्याममय नजर आया। जगह-जगह बाबा श्याम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

प्राचीन शिव मंदिर से भव्य श्याम निशान यात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा का निशान लेकर लगभग चार किलोमीटर की पदयात्रा की। यात्रा में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

जैसे ही यात्रा मुख्य बाजार पहुंची, श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया गया। करीब 10 हजार पटाखों की आतिशबाजी से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और माहौल उत्सवमय हो गया।

सतरंगी फूलों से सुसज्जित रथ में विराजमान बाबा श्याम की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। श्रद्धालु पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे।

मंदिर समिति ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन और पुलिस विभाग भी आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।