
स्थान : भीमताल

ब्यूरो रिपोर्ट

राम सिंह कैड़ा ने जानकारी दी कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक अंतर्गत झाझर-अक्सोड़ा किमी 1 से मजेड़ा तक मोटर मार्ग का निर्माण पूर्व में राज्य योजना के तहत हुआ था, लेकिन डामरीकरण न होने से ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।


विधायक ने बताया कि बरसात के दिनों में किसानों को अपना कृषि उत्पाद हल्द्वानी तक पहुंचाने में काफी दिक्कतें आती थीं। कच्चे और जर्जर मार्ग के कारण आवाजाही बाधित होती थी, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता था।

ग्रामीणों की मांग पर विधायक कैड़ा ने इस मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेज-4 के अंतर्गत प्रस्ताव शासन को भेजा था। अब इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है।


झाझर-अक्सोड़ा मोटर मार्ग के किमी 1 से मजेड़ा तक सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य के लिए 3 करोड़ 93 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। विभागीय स्तर पर टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

विधायक ने कहा कि शीघ्र ही मार्ग पर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों और आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


इसके साथ ही विधायक कैड़ा ने संबंधित अधिकारियों को उसी मोटर मार्ग पर पुल निर्माण की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में आवागमन और अधिक सुगम हो सके।
विधायक ने हाल ही में भीमताल विधानसभा क्षेत्र के चाफी, अलचोना, कसियालेख, रिठा, नथुवाखान और बोहराकोट गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन पर निर्देश देते हुए समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

