
स्थान -: रामनगर

ब्यूरो रिपोट

रामनगर, जो कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान की प्रवेश द्वार नगरी और प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में जाना जाता है, में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण की दिशा में अहम पहल तेज कर दी है।


जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि रामनगर के पुरानी तहसील के पास जिला विकास प्राधिकरण के तहत प्रस्तावित इस पार्किंग प्रोजेक्ट को शासन के संज्ञान में लाया गया है और जल्द ही ईएफसी (एक्सपेंडिचर फाइनेंस कमेटी) की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

प्रस्तावित मल्टी स्टोरी पार्किंग में लगभग 343 वाहनों के खड़े होने की क्षमता होगी। इससे शहर में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या और जाम की स्थिति में काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। जिलाधिकारी ने कहा कि कॉर्बेट सफारी, वीकेंड पर्यटन और विभिन्न सीजन में रामनगर में पर्यटकों की भारी आमद रहती है, जिसके कारण शहर की यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।


जिलाधिकारी ने शहर के रिसोर्ट संचालकों से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने और स्वच्छता बनाए रखने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रोड साइड पार्किंग को व्यवस्थित करने, खेल मैदान और मिनी स्टेडियम के विकास, पार्कों के सुंदरीकरण और शहर के समग्र यातायात सुधार के लिए भी जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।

शहर में जाम की समस्या को कम करने के लिए सड़कें व्हाइट लाइनिंग, ट्रैफिक मैनेजमेंट और अन्य सुधारात्मक कार्य तेजी से किए जाएंगे।


