लालकुआँ में अवैध शराब का जाल, बढ़ रहा जन आक्रोश

लालकुआँ में अवैध शराब का जाल, बढ़ रहा जन आक्रोश

स्थान -, लालकुआँ

ब्यूरो रिपोट

लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब के फैलते कारोबार को लेकर जनता और सामाजिक संगठन सख्त नाराज हैं। क्षेत्रीय जन समस्या निवारण संघर्ष समिति के संयोजक पियूष जोशी के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं और कांग्रेस नेताओं ने कोतवाल बृजमोहन राणा को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को भी भेजी गई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लालकुआँ के ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी मोहल्लों में अवैध शराब खुलेआम बेची जा रही है। उनका आरोप है कि इस कारोबार को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिससे युवा वर्ग तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रहा है और समाज का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।

लोगों ने बताया कि मोहल्लों में आसानी से उपलब्ध शराब ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। नशे के कारण घरेलू कलह, आर्थिक समस्याएं और अपराध बढ़ रहे हैं। आंदोलनकारियों ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें नशे के दलदल में धकेला जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर अवैध शराब के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि पुलिस अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है और भविष्य में गुंडा एक्ट व जिला बदर जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लालकुआँ में अवैध शराब का यह बढ़ता जाल अब केवल कानून व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ी के अस्तित्व का सवाल बन चुका है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि कब इस जहर के कारोबार पर निर्णायक प्रहार होगा।