हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जन चौपाल, दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं पर अधिकारियों को दिए निर्देश

हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जन चौपाल, दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं पर अधिकारियों को दिए निर्देश

स्थान -हरिद्वार

ब्यूरो रिपोट

हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जन चौपाल का आयोजन किया गया। श्यामपुर क्षेत्र स्थित गाजीवाली आर्यनगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने साधु-संतों के साथ मौजूद रहकर आम जनता की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को उनका निराकरण करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में भाजपा के सभी विधायक, पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जन चौपाल में जिले भर से हजारों लोग शामिल हुए और उन्होंने अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाईं।

मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों की जनता अक्सर जिला मुख्यालय तक अपनी समस्याएं लेकर नहीं जा पाती। ऐसे लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने और समाधान कराने के लिए ही जन चौपाल आयोजित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में अब तक आयोजित तमाम जन चौपालों में 5 लाख से अधिक लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं और उनका निराकरण भी सुनिश्चित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शिकायत का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाए और जनता को इसका उचित फीडबैक दिया जाए।

इस अवसर पर लोगों ने स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और सरकारी योजनाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच सीधे संवाद को मजबूत करना और दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं को हल करना बताया गया।