
स्थान -, लालकुआँ

ब्यूरो रिपोट

लालकुआँ में आजाद समाज पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से अहम कदम उठाया है। अम्बेडकर नगर निवासी युवा नेता अरविंद कुमार उर्फ अन्नू को लालकुआँ नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। यह नियुक्ति पार्टी के विस्तार अभियान में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि अरविंद कुमार लंबे समय से सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं और हमेशा वंचितों और पीड़ितों की आवाज़ को सामने लाने का काम किया है। उनकी सक्रियता और जनसरोकारों में पकड़ को देखते हुए पार्टी ने उन पर भरोसा जताया।

पार्टी के जिला पदाधिकारियों ने बताया कि अरविंद कुमार की नियुक्ति से लालकुआँ क्षेत्र में संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उनका कहना है कि युवा और ऊर्जावान नेताओं की आवश्यकता है, जो जमीनी स्तर पर काम करते हुए पार्टी की विचारधारा को जनता तक पहुंचाएँ।

नियुक्ति के बाद अरविंद कुमार ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे संविधान, समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे की मूल भावना को आधार बनाकर काम करेंगे।


अरविंद कुमार ने बताया कि उनकी प्राथमिकताएं होंगी—क्षेत्र के युवाओं को संगठन से जोड़ना, स्थानीय समस्याओं का समाधान कराना और आम जनता की आवाज़ प्रशासन तक पहुँचाना। उन्होंने शिक्षा, बेरोज़गारी, उत्पीड़न, सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जनता के साथ मिलकर संघर्ष करने का भी आश्वासन दिया।

स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी उनकी नियुक्ति को लेकर उत्साह देखा गया। संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर उज्जवल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर आज़ाद समाज पार्टी के जिला सचिव सुरेश चन्द्र बेरी, खीमचन्द्र आर्या, मो०सुलेमान, फिरोज खान, सन्तोष आर्य, महेश चन्द्र, हरेन्द्र सिंह, मदन राम और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

