शिवाजी नगर हत्याकांड का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

शिवाजी नगर हत्याकांड का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

स्थान – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

शिवाजी नगर में महिला की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर हत्या की पूरी गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी सुरेश गुप्ता को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित छुटमलपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से मृतका प्रीति रावत पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था और उसे लगातार धमकियां दे रहा था। मृतका द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। जांच के अनुसार आरोपी ने पहले तमंचा खरीदा और फिर 31 जनवरी की रात मृतका के कमरे में घुसकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून अजय सिंह स्वयं ऋषिकेश पहुंचे और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसओजी सहित कई विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे प्रदेश से बाहर फरार होने से पहले ही दबोच लिया।

फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के साथ-साथ आरोपी से जुड़े पूरे नेटवर्क और घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस हत्याकांड के खुलासे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की भी सराहना की जा रही है।