लोहाघाट नगर में यातायात सुधार की दिशा में बड़ा कदम, नई पार्किंग व्यवस्था लागू

लोहाघाट नगर में यातायात सुधार की दिशा में बड़ा कदम, नई पार्किंग व्यवस्था लागू

स्थान – लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्ट

लोहाघाट नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और वाहनों की पार्किंग समस्या को देखते हुए प्रशासन ने ठोस पहल करते हुए नई पार्किंग व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। प्रशासन द्वारा पर्यटक आवास गृह तथा शिवालय मंदिर के पास पार्किंग निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि पुराने गैस गोदाम के पास एक और पार्किंग का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

नगर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर ने पालिका और पुलिस विभाग को कड़े निर्देश देते हुए नई पार्किंग को तत्काल प्रभाव से संचालित करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड में खड़े रहने वाले सभी वाहन 2 फरवरी से पर्यटक आवास गृह की पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि टैक्सी वाहन स्वामियों को प्रति वाहन ₹100 प्रतिमाह पार्किंग शुल्क देना होगा। वहीं शीतला माता मंदिर के पास खड़े पिकअप वाहन तथा गैस गोदाम और आरा मशीन क्षेत्र में खड़े ट्रक, जेसीबी व ट्रांसपोर्ट वाहन 9 फरवरी से शिवालय मंदिर के पास बनी पार्किंग में स्थानांतरित किए जाएंगे।

पार्किंग शुल्क को लेकर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि बड़े वाहन और जेसीबी के लिए ₹400 प्रतिमाह तथा पिकअप व अन्य छोटे वाहनों के लिए ₹200 प्रतिमाह का पास बनाया जाएगा। जो वाहन चालक पास नहीं बनवाएंगे, उनसे बड़े वाहनों से ₹30 और छोटे वाहनों से ₹20 प्रतिदिन शुल्क वसूला जाएगा।

एसडीएम नीतू डांगर ने यह भी स्पष्ट किया कि पेट्रोल पंप से ऊपर, खेतीखान रोड, शीतला माता मंदिर और आरा मशीन के पास अब किसी भी प्रकार के बड़े वाहन, जेसीबी या पिकअप खड़े नहीं किए जाएंगे। यह प्रतिबंध नगर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि 15 फरवरी से नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों और स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शिवालय पुल की पार्किंग पालिका द्वारा और पर्यटक आवास गृह की पार्किंग टैक्सी चालकों द्वारा संचालित की जाएगी।

एसडीएम ने यह भी कहा कि जल्द ही दोनों पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे और शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी पालिका सौरभ नेगी और थाना अध्यक्ष लोहाघाट को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह व्यवस्था नगरहित और यातायात सुधार के लिए की जा रही है।