
स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

विकासनगर में दुकान से सामान खरीदने को लेकर हुए विवाद में कश्मीर के रहने वाले दो युवकों के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दुकानदार संजय यादव को हिरासत में ले लिया है।


घटना 28 जनवरी 2026 की है। जानकारी के अनुसार, विकासनगर क्षेत्र में कश्मीर से आए दो युवक एक दुकान से सामान खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान दुकानदार से मामूली कहासुनी विवाद तेज हो गया और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान दुकानदार ने गाली-गलौच करते हुए दोनों युवकों के साथ हाथापाई की, जिसमें एक युवक के सिर पर चोट आई।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक छुट्टियों में कश्मीर से अपने पिता के पास आए थे। उनके पिता पौंटा साहिब में किराए पर रहते हैं और आसपास के इलाकों में फेरी लगाने का काम करते हैं। युवक अपने पिता के काम में मदद कर रहे थे।


पीड़ित युवकों की शिकायत पर पुलिस ने कोतवाली विकासनगर में मुकदमा संख्या 26/26, धारा 117(2) और 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान नामजद मुख्य आरोपी संजय यादव को हिरासत में लिया गया, जिसे जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की शिनाख्त सहित घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

