
स्थान – खटीमा/ऊधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

खटीमा में तुषार हत्याकांड की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि सरेआम चाकूबाजी की एक और सनसनीखेज घटना ने शहर को दहला दिया है। ताजा मामला इस्लाम नगर क्षेत्र का है, जहां मामूली विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया।


यह घटना खटीमा के इस्लाम नगर (वार्ड नंबर 9) की है, जहां 22 वर्षीय युवक फरदीन पुत्र अमजद पर उसकी अपनी दुकान के सामने ही हमला किया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत बेहद मामूली बात को लेकर हुई थी, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक नाबालिग युवक ने फरदीन के पेट में चाकू घोंप दिया। हमला इतना अचानक था कि फरदीन को संभलने का मौका तक नहीं मिला।


हमले में गंभीर रूप से घायल फरदीन को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खटीमा ले जाया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर बी.पी. सिंह ने बताया कि चाकू का घाव गहरा नहीं था, जिससे युवक की जान बच गई। फिलहाल घायल का उपचार जारी है।
घायल फरदीन ने हमले का आरोप अरमान नाम के युवक पर लगाया है। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पड़ोसियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि मामूली विवाद आखिर हिंसक वारदात में कैसे तब्दील हो गया।

शहर में लगातार हो रही इस तरह की हिंसक घटनाओं से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। तुषार हत्याकांड के बाद अब चाकूबाजी की घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

