अमित शाह के दौरे को लेकर हरिद्वार पुलिस अलर्ट, सघन चेकिंग अभियान तेज

अमित शाह के दौरे को लेकर हरिद्वार पुलिस अलर्ट, सघन चेकिंग अभियान तेज

स्थान – हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित हरिद्वार दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। वीआईपी मूवमेंट के मद्देनज़र जनपद भर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और हर स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

एसएसपी हरिद्वार के सख्त निर्देशों के बाद शहर से लेकर देहात तक सघन चेकिंग अभियान जोरों पर चलाया जा रहा है। प्रमुख मार्गों, संवेदनशील इलाकों और प्रवेश बिंदुओं पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें सक्रिय हैं। चौक-चौराहों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर खास नजर रखी जा रही है।

चेकिंग के दौरान वाहनों की गहन जांच की जा रही है और वाहन दस्तावेजों की सघन तलाशी ली जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न रह जाए।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डाइवर्जन भी लागू किया गया है। पुलिस द्वारा आम लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है और ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।

पुलिस प्रशासन का मुख्य फोकस अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत बनाए रखने पर है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए हैं।

एसएसपी हरिद्वार ने साफ चेतावनी दी है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पूरे हरिद्वार जनपद में वीआईपी मूवमेंट को लेकर अभेद्य सुरक्षा सुनिश्चित की गई है, ताकि दौरे के दौरान शांति और सुरक्षा बनी रहे।