
स्थान – खटीमा
रिपोर्ट – अशोक सरकार
जनपद उधम सिंह नगर के खटीमा से बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बार-बार अंकिता हत्याकांड को उठाए जाने को लेकर सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। इसी क्रम में आज खटीमा में कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन को झूठा करार देते हुए भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया।


भाजपा महिला मोर्चा की ओर से खटीमा के मुख्य चौक पर कांग्रेस का पुतला दहन किया गया। इस दौरान महिला कार्यकर्ता हाथों में स्लोगन और बैनर लेकर सड़कों पर उतरीं और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


भाजपा महिला मोर्चा की नेता डॉक्टर विनीता सक्सेना ने कहा कि पूरे प्रदेश में विपक्ष जानबूझकर राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अलग-अलग तरीकों से विरोध प्रदर्शन कर अंकिता हत्याकांड को राजनीतिक मुद्दा बना रही है।


डॉ. विनीता सक्सेना ने कहा कि यदि कांग्रेस के पास कोई मजबूत और ठोस साक्ष्य हैं तो उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करना चाहिए, न कि सड़क पर प्रदर्शन कर अंकिता की आत्मा को कष्ट पहुंचाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रम फैलाने का काम कर रही है और बिना किसी ठोस सबूत के इस संवेदनशील मामले को चुनावी फायदे के लिए भुनाने की कोशिश कर रही है।

भाजपा महिला मोर्चा ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार न्यायिक प्रक्रिया के तहत काम कर रही है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं कांग्रेस को चाहिए कि वह इस मामले में राजनीति बंद करे और न्याय व्यवस्था पर भरोसा रखे।


