रुड़की में भीषण सड़क हादसा, भाजपा नेता अमित सैनी की मौत

रुड़की में भीषण सड़क हादसा, भाजपा नेता अमित सैनी की मौत

स्थान – रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की। रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र के धनौरी से दुखद खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में भाजपा ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष अमित सैनी की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, अमित सैनी आज देर शाम अपनी कार से रुड़की से धनौरी स्थित अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह धनौरी में दो सड़कों के बीच पहुंचे, उनकी कार अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना गंभीर था कि टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे अमित सैनी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए रुड़की सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जहां शोक की माहौल बन गया। थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

भाजपा नेता अमित सैनी की असामयिक मौत से न केवल उनके परिवार बल्कि राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी गहरा शोक व्याप्त है। उनके योगदान और सक्रिय राजनीतिक जीवन को याद करते हुए क्षेत्रवासियों में भारी दु:ख देखने को मिल रहा है।