रानीखेत में पर्यटन विकास पर चर्चा, कैंट बोर्ड ने व्यापारियों और होटल व्यवसायियों से सुझाव मांगे

रानीखेत में पर्यटन विकास पर चर्चा, कैंट बोर्ड ने व्यापारियों और होटल व्यवसायियों से सुझाव मांगे

स्थान: रानीखेत
रिपोर्ट: संजय जोशी

रानीखेत। रानीखेत में छावनी परिषद के सभागार में नव वर्ष के मौके पर पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैंट बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव ने व्यापारियों और होटल व्यवसायियों से पर्यटन विकास को लेकर सुझाव मांगे।

बैठक में संबोधन करते हुए ब्रिगेडियर यादव ने सभी उपस्थित लोगों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि रानीखेत में सेना से जुड़ी कुछ प्रतिबंधित जगहों को छोड़कर आर्मी म्यूजियम, शॉल फैक्ट्री समेत अन्य स्थान पर्यटकों के लिए खुले हैं। समय-समय पर सेना की ओर से केआरसी बैंड सहित सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने नर सिंह ग्राउंड को और अधिक आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की प्रक्रिया का भी उल्लेख किया, ताकि सिविल और मिलिट्री दोनों वर्ग के बच्चे खेल गतिविधियों में भाग ले सकें। इसके साथ ही रानीखेत में खेल गतिविधियों को बढ़ाने के लिए खेल सचिव से भी वार्ता की गई है।

बैठक में कैंट सीईओ कुनाल रोहिला ने छावनी क्षेत्र में कैंट बोर्ड द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पर्यटकों और आम जनता के लिए नए पार्किंग स्थल बनाए जा रहे हैं, साथ ही श्यामल सिन्हा पार्क, आशियाना पार्क और रानीझील सहित अन्य पर्यटन स्थलों का सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है।

व्यापारियों और होटल व्यवसायियों ने बैठक में पर्यटन को बढ़ाने के लिए अपने सुझाव साझा किए और भविष्य में समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।

इस बैठक से रानीखेत में पर्यटन को बढ़ावा देने और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में कदम और मजबूत हुए हैं।