हरिद्वार पुलिस अलर्ट मोड में, नए साल के स्वागत को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

हरिद्वार पुलिस अलर्ट मोड में, नए साल के स्वागत को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

स्थान – हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

नए साल की पूर्व संध्या को लेकर हरिद्वार पुलिस पूरी तरह एक्टिव मोड में है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए SSP हरिद्वार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।

एसएसपी ने बताया कि न्यू ईयर सेलिब्रेशन के मद्देनज़र पूरे जिले के लिए सुरक्षा का ब्लू प्रिंट तैयार किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक पर जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शहर से लेकर देहात तक पुलिस बल हाई अलर्ट पर रहेगा। हुड़दंग, स्टंटबाजी और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों, प्रमुख चौराहों, पर्यटन स्थलों, होटलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नकेल कसने के लिए ब्रीथ एनालाइज़र से विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। वहीं, आयोजन स्थलों के संचालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को प्रवेश न देने के निर्देश दिए गए हैं। सभी होटल, पब और रेस्टोरेंट्स में सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रखने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

महिला सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। निजी सुरक्षा कर्मियों को किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी ने बताया कि एसपी नगर और एसपी देहात अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही ट्रैफिक प्लान को समयबद्ध तरीके से लागू करने और उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।