

स्थान – पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट


जनपद में जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के तहत सोमवार को विकासखंड एकेश्वर, कल्जीखाल, थलीसैंण और द्वारीखाल की चार न्याय पंचायतों में बहुउद्देश्यीय शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।



अधिकारियों ने शिविरों में पहुंचकर जनसमस्याएं सुनीं। कई मामलों का त्वरित निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा गया।




द्वारीखाल विकासखंड की न्याय पंचायत खरीक में आयोजित शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी यमकेश्वर चतर सिंह चौहान ने की। यहां कुल 61 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। साथ ही 197 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।


इस अवसर पर यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसके तहत अधिकारी स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहे हैं। बहुउद्देश्यीय शिविरों से विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिलने से आमजन को बड़ी सुविधा मिल रही है।

उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ दिया जा रहा है। गांवों में जाकर समस्याएं सुनने से समाधान की प्रक्रिया तेज हुई है और आमजन को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।



