जसपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध क्लीनिक पर छापेमारी

जसपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध क्लीनिक पर छापेमारी

स्थान – जसपुर
रिपोर्ट – भूपेंद्र सिंह पन्नू

स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए जसपुर में छापेमारी की। इस दौरान एक क्लीनिक अवैध रूप से संचालित पाया गया, जिस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की। नियमों के उल्लंघन के मामले में संबंधित पर कुल 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. धीरेन्द्र मोहन गहलोत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग आगे भी समय-समय पर इसी तरह के सघन अभियान चलाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और उन पर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

वहीं सीनियर ड्रग्स इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने कहा कि जो भी मेडिकल स्टोर या स्वास्थ्य से जुड़े प्रतिष्ठान अवैध तरीके से संचालित पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना लगाया जाएगा।

इस संयुक्त कार्रवाई में प्रदीप मेहरा (पीसीपीएनडीटी एक्ट डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर), निधि शर्मा (ड्रग्स इंस्पेक्टर) और शुभम कोटनाला (ड्रग्स इंस्पेक्टर) शामिल रहे। टीम ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जिले में अवैध क्लीनिक और मेडिकल संचालन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।