चंपावत: बाराकोट में गुलदार का आतंक, ग्रामीण पर हमला, बाल-बाल बची जान

चंपावत: बाराकोट में गुलदार का आतंक, ग्रामीण पर हमला, बाल-बाल बची जान

स्थान – चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले के बाराकोट विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चुयरानी में एक बार फिर गुलदार के हमले से दहशत फैल गई है। गुलदार ने ओखलंज निवासी ग्रामीण विक्रम सिंह पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। गनीमत रही कि विक्रम सिंह की सूझबूझ और हिम्मत से उनकी जान बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विक्रम सिंह ग्राम प्रधान के यहां झाड़ी कटान के कार्य के लिए गए थे। दोपहर के समय जब वह वहीं भोजन कर रहे थे, तभी झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराए विक्रम सिंह ने साहस दिखाते हुए हाथ में मौजूद दराती से गुलदार पर वार कर दिया, जिसके बाद गुलदार मौके से भाग निकला।

हमले में घायल विक्रम सिंह को भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह बोहरा ने अपने वाहन से प्राथमिक चिकित्सालय बाराकोट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया गया। चिकित्सालय में डॉक्टर कैलाश इजरवाल, डॉ. प्रभा तथा नर्सिंग ऑफिसर ललिता नगरकोटी ने उनका इलाज किया। फिलहाल विक्रम सिंह की हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि वह घटना के बाद से काफी भयभीत हैं।

विक्रम सिंह का कहना है कि हमला करने वाला वही आदमखोर गुलदार है, जिसने बीते दिनों धरगड़ा में देव सिंह अधिकारी को मौत के घाट उतारा था। उन्होंने बताया कि देव सिंह अधिकारी पर हमले के समय भी गुलदार उन्हीं झाड़ियों में छिपा था, जिसे उन्होंने पहचान लिया।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान राकेश सिंह बोहरा, दीपेंद्र सिंह अधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज जोशी, जगदीश सिंह बोहरा, सुनील वर्मा सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

गुलदार के हमले से बाराकोट क्षेत्र में एक बार फिर भय का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से आदमखोर गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि इसी गांव में पूर्व में भी गुलदार एक व्यक्ति की जान ले चुका है। इस ताजा घटना में विक्रम सिंह की बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन क्षेत्र में दहशत बरकरार है।