

स्थान – चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट



जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित निर्माणाधीन टीएचडीसी जल विद्युत परियोजना की टीवीएम साइट पर मंगलवार को शिफ्ट बदलते समय एक गंभीर हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, टनल के भीतर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं, जिससे बड़ी संख्या में मजदूर घायल हो गए।




हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार तुरंत जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



जिलाधिकारी ने बताया कि लगभग 100 मजदूरों में से करीब 60 घायल हुए हैं। इनमें से 42 मजदूरों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में तथा 17 मजदूरों का उपचार विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में किया जा रहा है। बाकी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।



सभी घायलों की स्थिति स्थिर है, और प्रशासन और परियोजना प्रबंधन घायलों की देखभाल में जुटे हैं। हादसे की वजह और ट्रेन टकराने की परिस्थिति की जांच की जा रही है।


