भिकियासैंण-विनायक मार्ग पर बस हादसा, 7 की मौत, 12 घायल; राहत कार्य जारी

भिकियासैंण-विनायक मार्ग पर बस हादसा, 7 की मौत, 12 घायल; राहत कार्य जारी

स्थान – रानीखेत
रिपोर्टर – संजय जोशी

भिकियासैंण-विनायक मार्ग पर सेलापानी के पास हुए सड़क हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल यात्रियों को नजदीकी सीएचसी भिकियासैंण में भर्ती किया गया है, जबकि गंभीर घायल नंदी देवी और राकेश कुमार को हायर सेंटर रामनगर भेजा गया है।

केएमओयू की बस में कुल 19 लोग सवार थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों को राहत और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट करने और एम्स ऋषिकेश पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था करने का आदेश भी दिया है।

घायल और मृतकों के लिए राहत एवं बचाव कार्य के लिए राजस्व विभाग की टीम के साथ थाना भिकियासैंण, थाना भतरौजखान और फायर स्टेशन रानीखेत की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। जिलाधिकारी अंशुल सिंह स्वयं राहत एवं बचाव प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।

प्रशासन ने हादसे में शामिल सभी यात्रियों और उनके परिजनों से संपर्क साधकर हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।