

स्थान – बाजपुर
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी हत्याकांड में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष स. हरमिंदर सिंह ढिल्लन ‘लाडी’ और विधायक प्रतिनिधि डी.के. जोशी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम का पुतला फूंका गया।



लाडी ने आरोप लगाया कि सत्ता, पैसे और रसूख के अनैतिक गठजोड़ के कारण आम जनता की बेटियाँ असुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड में भाजपा से जुड़े व्यक्तियों के माध्यम से सामने आए नए तथ्य उत्तराखंड के जनमानस को झकझोर देने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्यारे और मामले के कारक सीधे भाजपा और सरकार के ताकतवर लोगों से जुड़े हुए थे।



लाडी ने कहा, “अंकिता भंडारी की हत्या न कोई दुर्घटना थी और न ही यह किसी व्यक्ति की मानसिक विकृति का मामला था। यह सत्ता संरक्षित दरिंदगी का उदाहरण है। उत्तराखंड की एक बेटी ने अपनी अस्मिता का सौदा न करने की कीमत जान देकर चुकाई।” उन्होंने सवाल उठाया कि संस्कार, धर्म और संस्कृति के ठेकेदारों के राज में बेटियाँ सबसे अधिक असुरक्षित क्यों हैं।


कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा गठित एस.आई.टी. ने कथित अति विशिष्ट व्यक्ति को जांच के दायरे से बाहर रखा और अब भाजपा जाति का सहारा लेकर उसे बचाने की कोशिश कर रही है। लाडी ने कहा कि अपराधी की जाति नहीं, अपराध देखा जाता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अंकिता हत्याकांड एक विभत्स अपराध है और इसमें संलिप्त सभी अपराधियों को मौत से कम सजा नहीं मिलनी चाहिए।

कार्यक्रम में कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में स्वतंत्र और निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने की भी पुरजोर मांग की।




