हल्द्वानी में प्री-एसआईआर को लेकर बैठक, बीएलओ और सुपरवाइजरों को तेजी से काम करने के निर्देश

हल्द्वानी में प्री-एसआईआर को लेकर बैठक, बीएलओ और सुपरवाइजरों को तेजी से काम करने के निर्देश

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

मतदाता सूची के सत्यापन को लेकर हल्द्वानी नगर निगम सभागार में प्री-एसआईआर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खराब प्रदर्शन करने वाले बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और उनके सुपरवाइजरों पर सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मतदाता सूची सत्यापन में हो रही देरी के कारणों की समीक्षा की गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने सभी सुपरवाइजरों और बीएलओ से प्रगति रिपोर्ट लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सत्यापन प्रक्रिया को बेहतर ढंग से पूरा करने के लिए मौके पर ही प्रशिक्षण भी दिया गया।

सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने बताया कि जिन क्षेत्रों में मतदाता सूची के सत्यापन कार्य में देरी हो रही है, वहां तैनात सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे 31 दिसंबर तक अपने कार्यों में तेजी लाते हुए सत्यापन अभियान को हर हाल में पूरा करें।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और समयबद्ध सत्यापन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए बेहद जरूरी है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।