अवैध खनन माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, देर रात तीन इलाकों में छापेमारी

अवैध खनन माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, देर रात तीन इलाकों में छापेमारी

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। जिला खान अधिकारी ऐश्वर्य शाह के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने देर रात तीन अलग-अलग क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।

खनन विभाग की टीम ने परवल, ढकरानी और हरिपुर क्षेत्रों में देर रात तक जांच अभियान चलाया। परवल क्षेत्र में किसी प्रकार की अवैध खनन गतिविधि नहीं पाई गई, लेकिन ढकरानी क्षेत्र में टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लिप्त वाहनों को पकड़ा।

ढकरानी क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध खनन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर डाकपत्थर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके अलावा एक 10 टायर डंपर भी अवैध खनन में संलिप्त पाया गया, जिस पर नियमों के तहत चालान काटते हुए भारी जुर्माना लगाया गया।

इस कार्रवाई में खनिज पर्यवेक्षक कुमेर सलाल, आशीष गुप्ता सहित खनन विभाग की पूरी टीम की सक्रिय भूमिका रही।

जिला खान अधिकारी ऐश्वर्य शाह ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। देर रात की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में खौफ का माहौल है।